जानिये आप आज बंदर से इंसान क्यों नहीं बन रहे ?

न्सान को ईश्वर ने बनाया है अथवा वह बन्दर से विकसित हुआ है अगर उसे ईश्वर ने नहीं बनाया, तो आखिर उसे किसने बनाया? अगर डार्विन के विकासवाद के सिद्धांत के अंतर्गत वह क्रमशः कई जीवों से होता हुआ, बन्दर और फिर आखिर में इन्सान बना, तो आज बन्दर इन्सान बनते क्यों नहीं दिख रहे? क्या वेद, क़ुरान तथा बाईबल में प्रजापति, अल्लाह तथा गॉड द्वारा इन्सान के रचने की बात सही नहीं है? यदि आप भी इन सवालों से कभी न कभी सामना किया है और इसका संतोषप्रद उत्तर नहीं खोज पाये हैं, तो अर्पित द्विवेदी द्वारा लिखा गया, यह आलेख खास आपके लिए ही है क्या पता इस लेख को पढ़ने के बाद आपको सारे नहीं, तो कम से कम एक-दो सवालों के उत्तर मिल जायें

तस्वीर प्रतीकात्मक है स्रोत 'वर्ल्ड एनिमल फारेस्ट'

क्रमिक विकास का सिद्धांत एक ऐसा सिद्धांत है जिसके बारे में न केवल इसके विरोधियों में बल्कि समर्थकों में भी जानकारी का बेहद आभाव है। लोग इसको लेकर इस कदर भ्रांतियों के शिकार हैं कि अधिकांश लोगों के लिए इस सिद्धांत का अर्थ केवल बंदर से इंसान बनने से है। इसीलिए वे मासूमियत से बार-बार पूछते रहते हैं कि अब बंदर से इंसान क्यों नहीं बन रहा
काश यदि वे इसका विधिवत अध्ययन करते, तो समझ पाते कि इस सिद्धांत का सम्बन्ध केवल इंसान और बंदरों से नहीं है बल्कि पूरे जीव जगत से है। चूँकि यह सिद्धांत अधिक विस्तृत है, यह भी एक कारण है कि लोगों में इसके बारे में सही जानकारी का अभाव है। क्योंकि इसके सभी पहलुओं को किसी एक लेख यहाँ तक की एक किताब में भी नहीं समेटा जा सकता। फिर हमारे स्कूली पाठ्यक्रमों में भी इसके बारे में बेहद संक्षित्प्त जानकारी ही उपलब्ध है और भारतीय भाषाओँ में इससे सम्बंधित स्तरीय पुस्तकों का भी आभाव है।
धार्मिक समूह लोगों के अज्ञान का फायदा उठाकर क्रमिक विकास को महज एक सिद्धांत कहकर ख़ारिज करने का प्रयास करते हैं, क्योंकि यह न केवल उनके सर्वशक्तिमान ईश्वर के अस्तित्व और उसकी बुद्धिमानी पर प्रश्नचिन्ह लगाता है, बल्कि मनुष्य के ईश्वर द्वारा निर्मित सर्वश्रेष्ठ कृति होने के दावे को भी झूठ सिद्ध करता है। वे कहते हैं कि क्रमिक विकास के सम्बन्ध में विज्ञान के पास कोई प्रमाण नहीं है और यह पूरा सिद्धांत महज एक तुक्के पर आधारित है। जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। क्रमिक विकास के सबूत हमारे चारों ओर बिखरे हुए हैं। यहाँ तक कि हमारे तमाम शारीरिक अंग स्वयं इसका एक जीता-जागता सबूत है। क्रमिक विकास के पक्ष में विज्ञान के पास सबूतों का कोई आभाव नहीं है। बस हमें जरुरत है, उन सबूतों को समझने की। आज इस लेख में आपको कुछ ऐसे ही सबूतों से परिचित कराने प्रयास है। लेकिन इससे पहले कि मैं उन सबूतों के बारे में चर्चा शुरू करूँ, आपको एक छोटी सी कहानी सुनानी जरुरी है ताकि आप उन सबूतों को ठीक से समझ सकें।

कहानी कुछ इस तरह है कि एक एयरक्राफ्ट इंजिनियर रोजाना अपनी कार से शहर के दुसरे कोने में स्थित अपने ऑफिस का सफर करता था। इस दौरान उसका सामना अक्सर ही भारी ट्रैफिक जाम से होता था। जाम में इंच-इंच सरकता, वह सोचा करता था कि काश उसके पास उसका व्यक्तिगत एयरक्राफ्ट होता, तो वह बिना जाम में फंसे अपने घर से सीधा ऑफिस पहुँच जाया करता। एक दिन उसके मन में विचार आया कि क्यों न वह अपनी कार को ही एयरक्राफ्ट में बदल दे। वह ऐसा कर सकता था क्योंकि उसके पास इससे सम्बन्धित सभी जरुरी तकनीकी योग्यता थी। लेकिन एक अड़चन थी। उसके पास एक ही कार थी जिसे वह एयरक्राफ्ट में तब्दील होने तक गेराज में नहीं छोड़ सकता था। तो उसने तय किया कि वह अपनी कार का इस्तेमाल करना जारी रखेगा। साथ ही अपनी कार में रोजाना ऑफिस टाइम से फ्री होकर छोटे छोटे बदलाव करेगा और इस तरह एक दिन वह उसे पूरी तरह एक एयरक्राफ्ट में तब्दील कर देगा। तो उसने ऐसा ही किया और कार के पुर्जों में तमाम जुगाड़ों, सुधारों, बदलावों की एक बेहद लम्बी प्रक्रिया के बाद आख़िरकार अपने रिटायरमेंट के एक दिन पहले उसने अपनी कार को एयरक्राफ्ट में बदल ही दिया।
हो सकता है आप इस कहानी को पढ़ते समय उस इंजिनियर को सनकी समझ रहे हों। आप ऐसा सोच सकते हैं। आप ही नहीं कोई भी समझदार व्यक्ति यही सोचेगा कि उसे इतनी उलझाऊ, जटिल और जुगाड़बाजी वाली प्रक्रिया को अपनाने की जरुरत क्या थी? क्या वह एक बिल्कुल ही नया एयरक्राफ्ट डिजाईन नहीं कर सकता था? जो कि इसकी अपेक्षा न केवल बेहद आसान होता बल्कि कई मामलों में इस जुगाड़ से बहुत बेहतर भी।
कोई भी बुद्धिमान रचनाकार जिसके सामने कोई विशेष मजबूरी नहीं है ऐसी जटिल जुगाड़बाजी को अंजाम देने के बजाये चीजों को नए सिरे से बनाना पसंद करेगा। पर यदि आप वास्तव में यह मानते हैं कि धरती का प्रत्येक जीव एक बुद्धिमान रचयिता की बुद्धिमत्तापूर्ण रचना है तो वास्तव में वह रचयिता भी कुछ ऐसा ही सनकी है। उसकी तथाकथित रचनाएं भी अपने भीतर तमाम विसंगतियों को समेटे चीख चीखकर अपने अतीत की गवाही दे रही हैं। वैसे ही, जैसे इंजिनियर का एयरक्राफ्ट पूर्व में अपने कार होने की कहानी कह रहा है।

कार के पुर्जों में बदलाव करके बनाये एयरक्राफ्ट और एक ऐसे एयरक्राफ्ट में जिसे शुरुआत से ही उड़ने के लिए डिजाईन किया गया हो, दोनों में अंतर बता पाना एक आम आदमी के लिए भले मुश्किल हो, लेकिन एक इंजिनियर के लिए कतई मुश्किल नहीं है। नए सिरे से केवल उड़ने के उद्देश्य से डिजाईन किये गए एयरक्राफ्ट में हर पुर्जा बिलकुल नए ढंग से तैयार किया गया होगा। हर चीज बिल्कुल ठीक जगह फिट होगी, जिसमें कहीं किसी तरह के समझौते अथवा जुगाड़बाजी की कोई गुंजाईश नहीं देखने को मिलेगी। सबसे बड़ी बात उसमें ऐसा कोई भी व्यर्थ का पुर्जा नहीं होगा जिसका कोई उपयोग ही न हो। लेकिन जीवों के शरीर के अध्ययन से हमें पता चलता है कि यहाँ जुगाड़बाजी, समझौतों, पश्च-सुधारों और ऐतिहासिक अवशेषों कि भरमार है, जो एक बुद्धिमान रचयिता की बुद्धिमानी अथवा उसके अस्तित्व पर ही प्रश्नचिन्ह लगाते हैं।
जीवों के शरीर में मौजूद क्रमिक सुधारों का इतिहास यह सिद्ध करता है कि सभी मौजूदा जीव किसी बुद्धिमान रचयिता कि रचनाएं नहीं बल्कि एक पूर्णतः भौतिक रूप से संचालित सुधारों कि एक चरणबद्ध प्रक्रिया के परिणामस्वरूप अस्तित्व में आये हैं। जीवों में सुधारों और अनुकूलन की इस प्रक्रिया को ही क्रमिक विकास (evolution) कहते हैं।
पीढ़ी दर पीढ़ी सुधारों कि यह प्रक्रिया किस तरह जीवों को पूरी तरह बदल देती है, लेकिन बावजूद इसके वे अपने अतीत से पीछा नहीं छुड़ा पाते, व्हेल इसका एक बेहतरीन उदाहरण है। व्हेल समेत अन्य तमाम समुद्री स्तनपायी जीवों जैसे डाल्फिन, समुद्री गाय इत्यादि में गलफड़े नहीं पाए जाते। अर्थात ये सभी जीव मछलियों कि तरह पानी में श्वसन नहीं कर सकते। इसलिए इनको सांस लेने के लिए बार-बार ऊपर आना पड़ता है। कोई बुद्धिमान रचयिता ऐसी गलती कैसे कर सकता है? आखिर उसने पूरा जीवन समुद्र में बिताने वाले जीव को गलफड़े जैसे महत्वपूर्ण अंग से वंचित क्यों रखा?

असल में व्हेल एक ऐसा जलचर जीव है जो देखने में तो किसी विशालकाय मछली जैसी लगती है पर वास्तव में इसके पूर्वज स्तनपायी थलचर थे जिन्होंने आज से लगभग 5 करोड़ वर्ष पूर्व खुद को समुद्री जीवन के अनुकूल ढालना शुरू कर दिया था जिसके जीवश्मिक सबूत हमें प्राप्त हुए हैं। यही नहीं, इसके शारीरिक अंग भी इसकी गवाही देते हैं। व्हेल का कंकाल एक टिपिकल स्तनपायी कंकाल है जिसकी हड्डियाँ अन्य किसी स्तनपायी जीव जैसी ही भारी हैं। साथ ही इसमें अगले पैरों के साथ पिछले पैरों के अवशेष भी मौजूद हैं। कोई भी समझदार व्यक्ति यह पूछ सकता है कि आखिर ये अवशेषी हड्डियाँ यहाँ क्यों हैं जब इनका कोई उपयोग ही नहीं तो? एक बुद्धिमान रचयिता ने इन्हें क्यों बनाया?

इसके साथ ही व्हेल और डॉल्फिन का पानी में गति करने का तरीका भी मछलियों से बिल्कुल भिन्न है। मछलियाँ पानी में आगे बढ़ने के लिए अपनी पूंछ को दायें-बाएं हिलाती हैं जबकि व्हेल और डॉल्फिन अपनी पूंछ को ऊपर-नीचे हिलाती हैं। व्हेल और डॉल्फिन का यह तरीका उनके थलचर अतीत की गवाही देता है। थलचर चौपाये दौड़ने के लिए अपनी रीढ़ कि हड्डी को एक स्प्रिंग कि तरह इस्तेमाल करते हैं जो लगातार ऊपर नीचे गति करती रहती है। तो इस तरह व्हेल एक समुद्री जीव होते हुए भी अपने थलचर अतीत से पीछा नहीं छुड़ा सकती। ठीक वैसे ही जैसे उस इंजिनियर का एयरक्राफ्ट उड़ने के बावजूद कार के इंजन से पीछा नहीं छुड़ा सकता।

इसके साथ ही जीवों के शरीर में बहुत सारी डिजाईन सम्बन्धी खामियां भी पायी जाती हैं जो किसी बुद्धिमान रचनाकार के अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं। जैसे वेगस नाड़ी। लैटिन भाषा में वेगस का अर्थ है घुमक्कड़, जिसको यह चरित्रार्थ भी करती है।

यह नाड़ी उन कुछ नाड़ियों में से है जिसका उदय मस्तिष्क से होता जिसकी कई शाखाएं हैं जिनमें से दो शाखाएं ह्रदय में जाती हैं और दो अन्य शाखायें लेरेंक्स (गले का वह अंदरूनी हिस्सा जो ध्वनि पैदा करता है) में जाता है। जिसमें से एक शाखा तो सीधे लेरेंक्स में चली जाती है लेकिन दूसरी शाखा आश्चर्यजनक रूप से सीने तक जाकर ह्रदय की एक धमनी का चक्कर लगाकर वापस ऊपर गले में लेरेंक्स तक पहुँचती है जबकि इसके इस तरह बेतुके ढंग से बनाये जाने का कोई उपयुक्त कारण नहीं है। यहाँ तक की लम्बी गर्दन वाले जीवों जैसे जिराफ में तो यह मस्तिष्क से सीने में ह्रदय तक और वापस लेरेंक्स तक कई मीटर लम्बा चक्कर लगाती है जो किसी भद्दे मजाक से कम नहीं है। आखिर कोई बुद्धिमान निर्माता ऐसी भयंकर भूल कैसे कर सकता है?
इसका सीधा सा जवाब है क्रमिक सुधारों का सिलसिला ही ऐसी डिजाईन सम्बन्धी खामियों को पैदा कर सकता है जिसमें पिछली गलतियों को संतुलित करने का प्रयास होता है, लेकिन उनको पूरी तरह सुधारने की कोई गुंजाईश नहीं होती। क्रमिक विकास केवल कामचलाऊ सुधारों को पैदा करता है।
क्रमिक विकास हमें बताता है कि गरदन वाले जीव बहुत बाद में अस्तित्व में आये। बिना गर्दन वाले जीवों जैसे मछलियों में लेरेंक्स नहीं होता, उनमें वेगस नाड़ी ह्रदय के साथ गलफड़ों के कुछ हिस्सों को नियंत्रित करती है। मछलियों में ह्रदय और गलफड़े आस पास ही होते हैं। लेकिन जैसे जैसे थलचरों और फिर गर्दन वाले जीवों का विकास हुआ जिनमें लेरेंक्स पाया जाता था, ने मूल डिजाईन को बहुत हद तक बदल दिया। ह्रदय सीने में चला गया और लेरेंक्स उससे बहुत दूर गले में जा पहुंचा। लेकिन बावजूद इसके यह नाड़ी आज भी अपने मूल मार्ग का ही अनुसरण करती है, जिसके कारण यह आज भी मस्तिष्क से ह्रदय की धमनी का चक्कर लगाकर लेरेंक्स में पहुँचती है।

आँख जीवों की एक बेहद महत्वपूर्ण इंद्रीय है। लेकिन मानव समेत तमाम थलचरों की आँखें भी डिजाईन सम्बन्धी खामियों से मुक्त नहीं है। आँख की कार्यविधि मोटे तौर पर बिल्कुल किसी कैमरे जैसी ही है जिसमें एक उत्तल लेंस होता है जो सामने से आती रौशनी को एकत्रित कर पीछे पर्दे पर उसकी एक छवि बनाता है जिसे फोटोग्राफिक फिल्म अथवा सेंसर द्वारा कैद कर लिया जाता है जिससे बाद में वही छवि पैदा की जा सकती है। आपको अपनी आँखों की कार्यकुशलता पर गर्व हो सकता है लेकिन कोई भी कैमरा निर्माता अपने कैमरों में आपकी आँखों में मौजूद डिजाईन सम्बन्धी भूल नहीं कर सकता। सपने में भी नहीं।

आपकी आँखों का रेटिना जहाँ छवि बनती है, में प्रकाशसंवेदी कोशिकाओं का एक समूह है, जो प्रकाश को ग्रहण कर उस सूचना को तंत्रिकाओं के एक जाल के जरिये मस्तिष्क तक पहुंचाती हैं। यहाँ तक तो सब ठीक है लेकिन समस्या यह है कि ये उल्टा है। यानी इसका प्रकाशसंवेदी हिस्सा भीतर की तरफ है और तंत्रिकाओं का जाल बाहर की ओर। प्रकाशसंवेदी कोशिकाओं तक प्रकाश रेटिना की पिछली दिवार से टकराकर पहुँचता है, जहाँ तक पहुँचने के लिए इसको तंत्रिकाओं के जाल से होकर गुजरना पड़ता है। और यहाँ तक की इसके मध्य में एक ब्लाइंड स्पॉट भी मौजूद है जिससे प्रकाश पार नहीं हो पाता। यहाँ सभी तंत्रिकाएं आकर एकत्रित होती हैं और किसी सिंकहोल की तरह रेटिना की दीवार से बाहर निकल कर मस्तिष्क तक जाती हैं। लेकिन इतनी बाधाओं और बीच में एक ब्लाइंड स्पॉट के मौजूद होने के बावजूद हमें देखने में कोई समस्या क्यों नहीं होती? कारण है आपका मस्तिष्क, जो एक कुशल ऑनलाइन फोटोएडिटर की तरह कार्य करता है और खाली हिस्सों को भी छद्म जानकारीयों से भर देता है। आप जो कुछ भी आँखों से देखते हैं उसका कुछ हिस्सा मस्तिष्क द्वारा निर्मित है।

आँखों के इस तरह निर्मित होने की वजह भी इसके क्रमिक विकास में छुपी है। आँख तमाम सुधारों से होती हुयी, आज अपने वर्तमान स्वरुप में पहुंची है। प्रारंभ में जीवों में कुछ प्रकाशसंवेदी अंग विकसित होने शुरू हुए। इन अंगों से आँखों की तरह स्पष्ट नहीं देखा जा सकता था। ये मात्र रौशनी और अँधेरे के फर्क को महसूस करने में मदद करते थे। विकासक्रम के किसी मोड़ पर कुछ जीवों में ये प्रकाशसंवेदी अंग उलटकर भीतर की ओर विकसित होने लगे। चूँकि उस समय तक लेंस का विकास नहीं हुआ था, अतः इससे जीवों की प्रकाश को अनुभूत करने की क्षमता पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा और लिहाजा आगे भी यह इसी प्रकार विकसित होता रहा और इसके बहुत बाद में जाकर जब एक लेंसयुक्त आँख विकसित हुयी, तब भी यह डिजाईन वैसा का वैसा ही रहा। डिजाईन के लिहाज से ऑक्टोपस की आँख किसी भी थलचर जीव की आँख से बेहतर है।

ठीक इसी तरह स्तनपायी जीवों में पुरुष जननांग भी डिजाईन की खामी से जूझ रहे हैं। पुरुष जननांगों से शुक्राणुओं को शिश्न तक पहुँचाने वाली नलिका सीधे शिश्न में न जाकर मूत्राशय की नलिकाओं का चक्कर लगाकर शिश्न तक पहुँचती है। केवल स्तनपायी जीवों में ही पुरुष जननांग बाहर की ओर पाए जाते हैं। बाकी सभी जीवों में ये पेट के भीतर स्थित होते हैं। विकासक्रम ने ही इनको यहाँ पहुँचाया है। जिसका कारण है स्तनपायी जीवों के शरीर का तापमान जो शुक्राणुओं के विकास के लिए उपयुक्त नहीं है। लेकिन पुरुष जननांगों के बाहर आ जाने के बावजूद शुक्राणुवाहिका आज भी अपने मूल मार्ग का अनुसरण कर रही है। चूँकि इससे इसकी कार्यप्रणाली में कोई विशेष बाधा पैदा नहीं हुयी इसलिए यह डिजाईन आज भी इसी तरह चला जा रहा है।

लेकिन भले ही इससे अधिकांश जीवों को कोई विशेष कठिनाई नहीं हुयी हो, लेकिन फिर भी कुछ जीवों के लिए यह कई बार बहुत समस्या पैदा कर देती है। यहाँ तक कि उन्हें अपनी जान से हाथ भी धोना पड़ सकता है। मनुष्य भी उन जीवों में से एक है। पुरुष जननांग मानव भ्रूण के प्रारंभिक काल में पेट में ही विकसित होते हैं और भ्रूण के विकास के आखरी दिनों में पेट से अपने नियत स्थान का सफ़र शुरू करते हैं। कई बार बच्चे के जन्म के बाद उसका एक अथवा दोनों जननांग अपनी जगह पर नहीं पहुँच पाते जिसको कई बार ऑपरेशन से बाहर लाना पड़ता है।

इससे सम्बंधित समस्याओं का अंत यहीं नहीं होता। जननांगों के इस सफ़र के कारण बनी इन्गुइनल कैनाल की दीवारें भी समय के साथ कमजोर पड़ जाती हैं और बहुत से मामलों में ये इन्गुइनल हर्निया का कारण बनती हैं जो अधेड़ मर्दों की एक प्रमुख बीमारी है। डिजाईन की इस खामी की वजह से प्रति वर्ष लाखों लोग इस रोग से पीड़ित होते हैं। वर्तमान में इसका मेडिकल उपचार सुलभ होने के कारण आज इस रोग की भयावहता का पता नहीं चलता। जरा सोचिये पुराने समय में जब इसका कोई इलाज उपलब्ध नहीं था कितने मर्दों ने इसके कारण तड़पते हुए असमय अपनी जान गंवाई होगी। यह भयानक भूल एक बुद्धिमान निर्माता के अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह लगाती है।

इसके साथ ही अवशेषी अंग भी क्रमिक विकास का एक बढ़िया प्रमाण हैं जो एक बुद्धिमान निर्माता पर सवाल खड़े करते हैं। लगभग सभी जीवों में कुछ अंग अथवा उनके अवशेष ऐसे पाए जाते हैं जिनका उस जीव के लिए कोई उपयोग नहीं होता। ये अंग उस जीव के इतिहास की निशानियाँ हैं जिन्हें वह आज भी ढो रहा है। इन अंगों का उपयोग उस जीव के लिए विकासक्रम के किसी दौर में रहा होगा, लेकिन बदलते परिवेश और व्यवहार के कारण आज इनका उस जीव के लिए कोई उपयोग नहीं। जैसे एक बहुत अच्छा उदाहरण उन पक्षियों का जो उड़ने की योग्यता खो चुके हैं, जैसे शुतुरमुर्ग, एमु, पेंगुइन, कीवी इत्यादि।

इन सभी जीवों में पंख अथवा उनके अवशेष मौजूद हैं लेकिन ये उड़ने की योग्यता खो चुके हैं। आखिर कोई बुद्धिमान निर्माता किसी जीव को ऐसे अंग क्यों देगा जिनका उसके लिए कोई उपयोग नहीं? इसका जवाब भी हमें क्रमिक विकास में ही मिलता है। बदलते परिवेश ने इन पक्षियों के लिए उड़ने की जरुरत को ख़त्म कर दिया, लिहाजा इनके पंखों का विकास रुक गया। जैसे न्यूज़ीलैण्ड में पाये जाने वाले कीवी पक्षी के पूर्वज वे समुद्री पक्षी थे जो भूगर्भीय गतिविधियों के कारण समुद्र से बाहर इस भूमि पर उड़कर पहुंचे थे। इस नयी भूमि पर न केवल भरपूर भोजन उपलब्ध था बल्कि उनके लिए कोई प्रतिस्पर्धा और शिकारी भी मौजूद नहीं था। ऐसे माहौल में वे बिना उड़े पूरा दिन जमीन पर कीड़े खाते हुए व्यतीत करते रह सकते थे।

ऐसा ही एक उदाहरण गहरे समुद्र और अँधेरी गुफाओं में पाए जाने वाले जीवों के सम्बन्ध में दिया जा सकता है जो अपनी देखने की क्षमता खो चुके हैं परन्तु आज भी उनकी आँखों के अवशेष मौजूद हैं। आखिर किसी अंग की जरुरत ख़त्म होने पर उसका विकास किस प्रकार रुक जाता है?
असल में कोई अंग अथवा व्यवहार जब तक जीव के सर्वाइवल के लिए आवश्यक है, प्राकृतिक चुनाव उसे संरक्षित रखता है। जैसे यदि जेनेटिक म्युटेशन के कारण कोई ऐसा कबूतर पैदा होता है जो कि उड़ने में सक्षम नहीं है तो वह सर्वाइव नहीं कर सकेगा और न ही अपनी संतति बढ़ा सकेगा। लिहाजा इस म्युटेशन को बढ़ने का मौका नहीं मिलेगा। लेकिन किसी नए परिवेश में जहाँ उड़ना सर्वाइवल के लिए जरुरी न हो ऐसे में वह म्युटेशन फैलेगा। और समय समय पर ऐसे म्युटेशंस की वजह से वह अंग अथवा क्षमता प्रभावित होगी।
हम अपनी बात करें तो हमारे शरीर में भी बहुत सारे ऐसे अंग मौजूद हैं, जैसे अपेंडिक्स। अपेंडिक्स वास्तव में हमारी आंत का एक अवशेषी हिस्सा है जो अतीत में किसी समय कच्ची वनस्पति पचाने के काम आता था। लेकिन समय के साथ बदलते खान-पान ने इसकी उपयोगिता को समाप्त कर दिया। आज यह एक अवशेषी अंग के रूप में हमारी आंत के सिरे पर मौजूद है और इसमें होने वाले इन्फेक्शन के कारण बहुत से लोगों को भयंकर पेट दर्द का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही अक्कल दाढ़, पूँछ कि हड्डी, साइनस, टॉन्सिल्स, कान को हिलाने वाली मांसपेशी, इरेक्टेर पिली (रोंगटे खड़े करने वाला तंत्र), आँखों के कोने पर पर पायी जाने वाली झिल्ली और 6 माह के बच्चों में पाया जाने वाला ग्रास्प रिफ्लेक्स, जिसके कारण बच्चा आपकी अंगुली को कसकर पकड़ लेता है वास्तव में अतीत में इसी रिफ्लेक्स के कारण बच्चा अपनी माँ को कसकर पकड़े रहता था। आज भी बंदरों और वानरों में इस व्यवहार को देखा जा सकता है, आदि कुछ ऐसे ही अंग हैं।

ये तो मात्र कुछ प्रमाण हैं। वास्तव में ऐसे प्रमाण इतनी अधिक संख्या में मौजूद हैं कि ऐसे तमाम प्रमाणों पर एक पूरी किताबों की सिरीज लिखी जा सकती है। ये सभी हमें बताते हैं कि कोई भी जीव किसी बुद्धिमान निर्माता द्वारा निर्मित रचना नहीं है बल्कि वह सुधारों की एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया के कारण ही अपने वर्तमान स्वरुप में पहुंचा है।

(लेखक कम्प्यूटर साइंस में बी.टेक. हैं। विज्ञान और धर्म की समझ को आमजन की भाषा में लिखना उनका प्रिय विषय है।)
Previous Post Next Post